नूरपुर ऐतिहासिक श्री बृजराज स्वामी मंदिर के प्रांगण में सोमवार को दो दिवसीय होली महोत्सव का आगाज फूलों की होली के साथ हुआ। मंदिर प्रांगण में फूलों, इत्र व लड्डुओं की होली मनाई गई। इस दौरान श्रीकृष्ण भक्तों में फूलों की होली को लेकर काफी उत्साह देखने को मिला। होली महोत्सव में डीआईजी सौम्या सांबशिवन भी कृष्ण भक्ति में सराबोर दिखी। इससे पूर्व उन्होंने ऐतिहासिक श्री बृजराज स्वामी मंदिर में शीश नवाया। वहीं, होली महोत्सव के शुभारंभ पर पंजाब के प्रसिद्ध भजन गायक टीनू सिंह ने अपनी सुरीले भजनों से मौजूद भक्तों को झूमने पर मजबूर कर दिया। इस मौके पर कृष्ण लीला से संबंधित भव्य झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही।