प्रदेश पौंग बांध विस्थापित समिति की विशेष बैठक शुक्रवार को राजा का तालाब में आयोजित की गई। इस दौरान पौंग बांध विस्थापितों के विभिन्न ज्वलंत मुद्दों पर सामूहिक रूप से चर्चा की गई। प्रधान हंस राज चौधरी, उपाध्यक्ष एमएल कौंडल, विशम्बर पगडोत्रा, सचिव हुकुम चंद गुलेरी, कुलदीप शर्मा, प्यारे लाल, रवींद्र चौधरी ने सामूहिक रूप से कहा कि श्रीगंगानगर की 2.25 लाख एकड़ भूमि पौंग बांध की आरक्षित भूमि है। ऐसे में अवैध रूप से उपस्थित 1188-6ए पर काबिज भू माफिया की भूमि को किसी भी हालत में उनके लिए छोड़ा नहीं जाएगा। कहा कि 55 सालों से विस्थापितों की आंखों में केवल मात्र धूल झोंकने का कार्य होता रहा है। सभी ने स्थानीय मंत्रियों, सांसदों और विधायकों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि राजस्थान के सांसद कुलदीप इंदौरा, केंद्रीय मंत्री अर्जुन मेघवाल और विधायक एकजुट से भू माफिया के साथ खड़े होकर उन्हें वहां से न हटाने की बात कर रहे हैं। वहीं हमारे नेता, मंत्री, सांसद केवल वोट तक ही हमें सीमित समझते हैं।