फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हिमाचल में दो माह से वेतन नहीं मिलने पर क्रस्ना डायग्नोस्टिक्स के कर्मचारी हड़ताल पर, 86 केंद्रों में जांच सेवाएं ठप

हिमाचल प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में उपचार करवाने पहुंच रहे मरीजों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। क्रस्ना डायग्नोस्टिक्स के कर्मचारियों को पिछले दो माह से वेतन नहीं मिलने के कारण उन्होंने सोमवार सुबह आठ बजे से प्रदेशव्यापी हड़ताल शुरू कर दी। कर्मचारियों के काम बंद करने से सरकारी अस्पतालों में संचालित जांच केंद्रों पर सेवाएं ठप हो गई हैं। इसका सीधा असर मरीजों और उनके परिजनों पर पड़ रहा है। क्रस्ना डायग्नोस्टिक्स प्रदेश के छह मेडिकल कॉलेजों सहित जिला अस्पतालों और अन्य सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में कुल 86 केंद्रों के माध्यम से जांच सेवाएं उपलब्ध करवा रही है। इन केंद्रों पर मरीजों के विभिन्न प्रकार के टेस्ट किए जाते हैं। कर्मचारियों की हड़ताल के चलते इन सभी केंद्रों में जांच व्यवस्था प्रभावित हुई है। कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें पिछले दो माह से वेतन नहीं मिला है। लंबे समय से वेतन अटका होने के कारण उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसी के विरोध में कर्मचारियों ने सोमवार सुबह से काम बंद कर दिया। वहीं, कंपनी की ओर से सरकार से लंबित भुगतान जारी करने की मांग की गई है। सरकार से कंपनी को भुगतान नहीं मिलने को कर्मचारियों का वेतन अटकने की वजह बताया जा रहा है। मरीजों की परेशानी इसलिए भी बढ़ गई है, क्योंकि सरकारी अस्पतालों की अपनी लैब में सभी प्रकार की जांच की सुविधा उपलब्ध नहीं है। अस्पतालों की लैब में कुछ सामान्य टेस्ट ही किए जा सकते हैं, जबकि कई अन्य जरूरी जांचों के लिए क्रस्ना डायग्नोस्टिक्स के केंद्रों पर निर्भर रहना पड़ता है। अब इन केंद्रों पर सेवाएं बंद होने से चिकित्सकों की सलाह पर जांच करवाने पहुंच रहे मरीजों को निजी लैब का रुख करना पड़ रहा है। इससे मरीजों को अपनी जेब से अतिरिक्त पैसे खर्च करने पड़ रहे हैं। प्रदेशभर में क्रस्ना डायग्नोस्टिक्स के 86 केंद्रों पर जांच सेवाएं प्रभावित होने से सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था पर इसका असर देखने को मिल रहा है। यदि कर्मचारियों और कंपनी के बीच वेतन व भुगतान का मामला जल्द नहीं सुलझता है तो मरीजों की परेशानी बनी रह सकती है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें