शक्तिपीठ ज्वालामुखी के मुख्य मंदिर मार्ग पर रविवार सुबह छोटे शिव मंदिर के पास एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से हड़कंप मच गया। शव मिलने की सूचना मिलते ही ज्वालामुखी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। शव की स्थिति और गले पर मिले कट के निशानों को देखते हुए पुलिस मौत के कारणों समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए धर्मशाला से फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। रविवार सुबह एएसपी आरपी जसवाल और थाना प्रभारी संदीप पटियाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अधिकारियों ने आसपास मौजूद लोगों और दुकानदारों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मृतक मंदिर मार्ग पर कब पहुंचा था और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। घटनास्थल के आसपास की गतिविधियों को भी जांच के दायरे में लिया गया है। पुलिस के अनुसार घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जांच में अहम साबित हो सकती है। आसपास की दुकानों और अन्य प्रतिष्ठानों में लगे कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज के जरिये पुलिस मृतक की गतिविधियों, उसके मंदिर मार्ग तक पहुंचने और घटना से पहले तथा बाद की परिस्थितियों के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है। थाना प्रभारी ज्वालामुखी संदीप पटियाल ने बताया कि मंदिर मार्ग पर एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल मृतक की पहचान करने के साथ घटना की परिस्थितियों और मौत के कारणों की जांच की जा रही है।