चालक-परिचालक यूनियनों की संभावित हड़ताल को देखते हुए परिवहन निगम ने वैकल्पिक व्यवस्थाएं शुरू कर दी हैं। धर्मशाला स्थित आरएम कार्यालय में अस्थायी तौर पर चालकों की भर्ती प्रक्रिया आरंभ कर दी गई है। जानकारी के अनुसार, इच्छुक अभ्यर्थियों के ड्राइविंग ट्रायल दोपहर 12 बजे के बाद लिए जाएंगे। खास बात यह है कि इस भर्ती के लिए आयु सीमा निर्धारित नहीं की गई है, जिससे अधिक से अधिक अनुभवी चालक आवेदन कर सकें। सूत्रों के हवाले से यह भी जानकारी सामने आई है कि निगम अपनी बस सेवाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए गृह रक्षकों की सेवाएं बतौर परिचालक ले सकता है। उन्हें अस्थायी रूप से बसों में परिचालक के स्थान पर तैनात किए जाने की तैयारी की जा रही है। हालांकि, इस संबंध में निगम की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। निगम का मुख्य उद्देश्य हड़ताल की स्थिति में भी यात्रियों को निर्बाध परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है।