उपमंडल फतेहपुर के अंतर्गत आती ग्राम पंचायत गोलवां के गांव दरेड़ में सरकारी भूमि पर बनाए गए मकान पर जिला पुलिस नूरपुर की बड़ी कार्रवाई के दौरान फिलहाल नशे के कारोबारी नीरज उर्फ कोबरा के घर को सील किया गया। वहीं घर के आगे बनाए गए लोहे के शेड को गिराया गया। धारा 163 के अंतर्गत घर को फिलहाल सील किया जाएगा। ज्ञात रहे कि नीरज उर्फ कोबरा आदतन अपराधी प्रकृति का है और अवैध रूप से नशे का कारोबार करने की वजह से कई बार जेल भी जा चुका है। इसी बात को लेकर जिला पुलिस नूरपुर ने कार्रवाई को अंजाम दिया। एसडीएम फतेहपुर विश्रुत भारती ने बताया कि जिला पुलिस नूरपुर द्वारा नशे के खिलाफ छेड़े गए अभियान के तहत मंगलवार को फतेहपुर प्रशासन के सहयोग से नीरज कोबरा की बिल्डिंग को सील किया गया है। एसडीएम फतेहपुर ने बताया कि उपमंडल में 34 अन्य भी ऐसे अवैध कब्जाधारी है। जिनके ऊपर जल्द कार्रवाई की जाएगी। डीएसपी नूरपुर विशाल वर्मा ने बताया कि नीरज आदतन अपराधी है। नशे के अवैध कारोबार के चलते कई बार जेल में जा चुका है। मंगलवार को एसडीएम फतेहपुर के सहयोग से पुलिस ने उक्त कार्रवाई को अंजाम दिया है। बताया कि नशे के खिलाफ जिला पुलिस द्वारा छेड़े गए अभियान के तहत फिलहाल नशे के कारोबारी नीरज कोबरा के सरकारी भूमि पर अवैध रूप से बनाए गए मकान को सील किया गया है। इस दौरान एसएचओ रैहन सुनील कुमार, एएसआई वीरेंद्र सिंह, नायब तहसीलदार सुरजीत सिंह, लोक निर्माण विभाग संजय रत्न, गोलवां पंचायत प्रधान संजीव पप्पू, उपप्रधान रमेश धीमान, विद्युत विभाग के कनिष्ठ अभियंता राजेश कुमार व भारी पुलिस बल शामिल रहा।