हमीरपुर सदर थाना के तहत लोहरड़ा बाइपास सड़क पर एक 74 वर्षीय दुकानदार के साथ नकली नोटों के माध्यम से धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। दो युवकों ने बुजुर्ग को 200-200 रुपये के करीब 14 नकली नोट थमा दिए। मामले में लोहरड़ा निवासी चुन्नी लाल ने शिकायत दी। शिकायतकर्ता ने बताया कि उनकी लोहरड़ा बाइपास पर दुकान है। दोपहर को दो अज्ञात व्यक्ति कार के माध्यम से दुकान पर आए। दोनों युवकों ने नमकीन के साथ चाय पी। युवकों ने यह कहकर कि उनके पास 200-200 रुपये के नोट हैं, दुकानदार से 500 रुपये के नोट मांगे। दुकानदार उनकी बातों में आ गया और उन्हें 500 रुपये के 12 नोट (कुल 6000 रुपये) दे दिए। बदले में आरोपियों ने बुजुर्ग को 200 रुपये के 30 नोट दिए, जिन्हें दुकानदार ने बिना जांच किए दुकान के गल्ले में रख लिया। अगले दिन दोपहर करीब 12:00 बजे जब दुकानदार ने नोटों की जांच की तो पाया कि 200 रुपये के 30 नोटों में से 16 नोट पूरी तरह से नकली थे, जबकि 14 नोट असली निकले। दुकानदार से करीब 3,200 रुपये की धोखाधड़ी हुई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। दुकानदार की दुकान में लगे सीसीटीवी की पुलिस जांच कर रही है। एसपी हमीरपुर बलवीर सिंह ने कहा कि बुजुर्ग की शिकायत के बाद प्राथमिकी दर्ज की है। सीसीटीवी की जांच की जा रही है। लोगों से अपील है कि इस तरह के लेन-देन में सावधानी बरतें और नकदी को अच्छी तरह जांचने के बाद ही स्वीकार करें।