प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय हमीरपुर में बुधवार को जेबीटी शिक्षकों के लिए एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित हुई। कार्यशाला का शुभारंभ प्रारंभिक उपनिदेशक अशोक कुमार ने किया। उन्होंने शिक्षकों को कार्यशाला में लिए गए प्रशिक्षण का स्कूल स्तर पर लागू करने के लिए कहा। कार्यशाला में संसाधन व्यक्ति नरेश शर्मा ने शिक्षकों को स्कूलों में विद्यार्थियों को अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाई करवाने और खेल-खेल के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए जानकारियां दीं। उन्होंने कहा कि पूर्व में आयोजित दो कार्यशालाओं में कुछ कारणों से शिक्षक भाग नहीं ले पाए थे। ऐसे में सभी स्कूलों में एक समान कार्यक्रम संचालन के लिए कार्यशाला आयोजित की गई। इस मौके पर डिप्टी डीईओ प्रदीप कुमार, जिला विज्ञान पर्यवेक्षक राजेश गौतम सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।