मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर का कार्य ही लोगों को बरगलाना है। आपदा में दूर बैठकर पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर तमाशा देख रहे थे। प्रदेश के आपदा राहत पैकेज को लेकर बयान नहीं देने का हक भाजपा नेताओं को नहीं है जोकि केंद्र से हिमाचल को कोई राहत नहीं दिला पाए हैं। हमीरपुर में मीडिया कर्मियों के नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के कांग्रेस सरकार के तीन वर्ष के कार्यक्रम पर दिए गए बयान के सवाल पर सुनील शर्मा बिट्टू ने यह बातें कहीं। उन्होंने कहा कि केंद्र में भाजपा की सरकार है तो क्यों वह आज तक अपने इलाके के लिए कोई बड़ा राहत पैकेज नहीं ला पाए। क्यों यहां से उनके सांसद हिमाचल में प्राकृतिक आपदा की वजह से हुए नुकसान को लेकर केंद्र से आर्थिक मदद आज तक नहीं ला सके। बिट्टू ने कहा कि हिमाचल में इतनी बड़ी प्राकृतिक आपदा पिछले तीन सालों से आ रही है लेकिन केंद्र को जितनी मदद हिमाचल के लोगों की इस समय में करनी चाहिए थी वह नहीं की है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आपदा के दौरान लोगों के बीच जाकर कार्य किया है। उन्होंने मंडी जिला से करोड़ों की राहत राशि प्रभावितों को बांटी हैं। बिट्टू ने कहा कि विदेशों में पढ़े लिखे युवाओं को नौकरी दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। इस कड़ी में हमीरपुर में युवाओं के साक्षात्कार करवाए गए थे। 60 युवाओं के वीजा मंजूर हो गए है। इन युवाओं को जल्द विदेश में नौकरी में मिल सकेगी। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के दूरदर्शी विजन से यह संभव हो सका है। स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में कांग्रेस सरकार सराहनीय कार्य कर रही है। रोबोटिक सर्जरी, मेडिकल कॉलेज में नई मशीनों को स्थापित करने की दिशा में सराहनीय कार्य किया गया है।