जिला मुख्यालय से सटे बड़ू चौक में भवन मालिकों की लापरवाही अन्य लोगों पर भारी पड़ रही है। हालात यह हैं कि भवन मालिकों ने सीवरेज के कनेक्शन खुले में बह रही गंदे पानी की निकासियों में कर दिए हैं। इससे खुले में बह रही सीवरेज की गंदगी से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। शनिवार दोपहर के समय में बड़ू चौक पर खुले में सीवरेज बहने से चारों ओर बदबू फैल गई और चौक पर आवाजाही कर रहे लोगों व वाहन चालकों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। चौक के साथ लगते आधा दर्जन भवन मालिकों ने सीवरेज के कनेक्शन निकासी नालियों में दे दिए हैं। ऐसे में चौक पर आए दिन लोगों को गंदगी के कारण परेशान होना पड़ता है। स्थानीय लोगों परविंद्र कुमार, दिनेश कुमार, अजय कुमार, राजू गुलेरिया ने कहा कि सीवरेज को खुले में छोड़ने के बारे में कुछ दिन पहले जल शक्ति विभाग से लिखित शिकायत भी की गई थी, लेकिन समस्या को लेकर अभी तक कोई भी कार्रवाई नहीं हो पाई है। अधीक्षण अभियंता, जल शक्ति विभाग नीरज भोगल ने कहा कि सीवरेज की गंदगी खुले में छोड़ने की शिकायत आई है। कर्मचारियों को मौके पर भेजा जाएगा। बडू क्षेत्र में सीवरेज को खुले में बहाने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। ताकि समस्या का हल हो सके।