सदर थाना के तहत एक निजी अस्पताल में प्रसूता की उपचार के दौरान मौत हो गई है। महिला की मौत पर परिजनों ने चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया। हालात तनावपूर्ण होने पर एसएचओ सदर यादेश ठाकुर सहित अन्य पुलिस कर्मी भी मौके पर पहुंचे और मामले पर शांत करवाने का प्रयास करते रहे। मृतक महिला की पहचान चमनेड़ की लता देवी के रूप में हुई है। घटना शुक्रवार दोपहर की है। चमनेड़ की नौ माह की गर्भवती लता देवी को सुबह पेट में दर्द हुआ। इसे चेकअप के लिए अस्पताल यहां लाया गया। चिकित्सक ने जब महिला को चैक किया गया तो गर्भ में पल रहे बच्चे की हार्टबीट कम होती जा रही थी। चिकित्सकों ने महिला के ऑपरेशन की सलाह दी। लेकिन ऑपरेशन के दौरान महिला की मौत हो गई। हालांकि, बच्चे का जन्म हो गया। महिला की मौत की सूचना जैसे ही परिजनों को मिली तो उन्होंने चिकित्सकों पर लापरवाही से इलाज करने का आरोप लगाया। मौत के बाद अस्प्ताल में तनावपूर्ण माहौल हो गया। परिवार के सदस्यों ने बताया कि महिला की स्थिति पर स्टाफ को अधिक सतर्कता बरतनी चाहिए थी। उन्होंने प्रशासन से न्याय की मांग की है। पुलिस ने परिजनों की बातों को सुना और उन्हें आश्वासत किया है कि नियमों के मुताबिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। हमारे पास अभी तक ऐसी कोई शिकायत नहीं आई है। शिकायत आने के बाद ही आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाती है।-प्रवीण कुमार, सीएमओ हमीरपुर। -एक निजी अस्पताल में प्रसूता महिला की मौत की सूचना मिली थी। पुलिस को मौके पर भेजा गया है। महिला का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।-भगत सिंह ठाकुर, एसपी हमीरपुर।