सांसद अनुराग ठाकुर का अवाहदेवी पहुंचते ही भाजपा मंडल समीरपुर की ओर से कस्बे के प्रवेशद्वार पर जोरदार स्वागत किया। इसी अवसर पर महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर अनुराग ठाकुर ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कस्बे में लगे हथकरघा से बने कपड़ों की प्रदर्शनी का निरीक्षण किया। प्रदर्शनी में रखे गए पारंपरिक कुर्ता-पायजामा, चीड़-पतियों से बने पात्र और टोपियों को देखकर उन्होंने स्थानीय कारीगरों की सराहना की। उन्होंने खुद भी एक कुर्ता-पायजामा खरीदा और लोगों को स्वदेशी उत्पादों के उपयोग के लिए प्रेरित किया। सांसद ने कस्बे के दुकानदारों से भी मुलाकात की और उन्हें जीएसटी की नई दरों से संबंधित प्रपत्र वितरित किए। साथ ही सभी को आगामी दशहरा पर्व की शुभकामनाएं दीं। अवाहदेवी बस स्टैंड पर पहुंचकर अनुराग ठाकुर ने स्वयं झाड़ू लगाकर स्वच्छता अभियान का संदेश दिया। अनुराग ठाकुर ने अवाहदेवी माता मंदिर और बाबा श्रवण नाथ के धुने पर माथा टेककर आशीर्वाद लिया। धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर उन्होंने प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि की कामना की। अंत में वे टौणीदेवी के लिए रवाना हुए, जहां उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर पूर्व विधयाक कमलेश कुमारी, समीरपुर मंडल के अध्यक्ष अभयवीर लवली, महामंत्री हिटलर ठाकुर, एडवोकेट संजीव कुमार, भोरंज मंडल के अशोक कुमार आदि सही बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।