हमीरपुर जिले की ग्राम पंचायत रोपा के कोठी गांव की महिला मंडल ने मानवता की मिसाल पेश की है। मंडी जिले में आई प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों की मदद के लिए कोठी गांव की महिलाओं ने राहत सामग्री एकत्र की और बुधवार को एक टैंपो के माध्यम से उपायुक्त कार्यालय हमीरपुर से उसे रवाना किया गया। उपायुक्त हमीरपुर अमरजीत सिंह ने गाड़ी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया । इस मौके पर एसडीएम संजीत सिंह, एसी टू डीसी राजीव ठाकुर सहित महिला मंडल की सभी सदस्य मौजूद रही । महिला मंडल ने तकरीबन दो क्विंटल राशन, 50 किलो आटा, 50 किलो दाल, कंबल, रजाई, बर्तन और कपड़े जैसे आवश्यक सामान इकठ्ठा कर मंडी भेजा। महिला मंडल कोठी की प्रधान सुमन कुमारी ने बताया कि मंडी में आई आपदा को लेकर गांव की सभी महिलाओं ने मिलकर निर्णय लिया कि अपने स्तर पर कुछ राहत सामग्री जुटाएं और पीड़ितों की मदद करें। उन्होंने बताया कि सदस्यों ने राशन, कपड़े, बर्तन, कंबल जैसी जरूरी चीजें इकट्ठी कीं और आज उसे भेज जा रहा है । डीसी हमीरपुर अमरजीत सिंह ने कहा कि कोठी गांव की महिलाओं का यह प्रयास सराहनीय है। उन्होंने कहा कि समाज के हर वर्ग को इस प्रकार के योगदान के लिए आगे आना चाहिए ताकि आपदा से जूझ रहे लोगों को थोड़ी राहत मिल सके।