सुजानपुर-हमीरपुर मुख्य मार्ग नजदीक चबूतरा के पास एचआरटीसी और एक निजी बस में टक्कर हो गई। गनीमत यह रही कि इस हादसे में दोनों बसों की सवारियां पूरी तरह सुरक्षित हैं। उधर, मौके पर पहुंची सुजानपुर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी अनुसार गुरुवार सुबह एचआरटीसी व निजी बस सुजानपुर से जिला मुख्यालय हमीरपुर की तरफ जा रही थी। इस दौरान निजी बस आगे थी और एचआरटीसी की बस उसके पीछे चल रही थी। अचानक चबूतरा के पास निजी बस रुकी और पीछे चल रही एचआरटीसी बस उसके साथ टकरा गई। टक्कर के बाद मुख्य सड़क पर जाम जैसी स्थिति बनी। इसके बाद मौके पर पहुंची सुजानपुर पुलिस ने तमाम कार्रवाई करते हुए यातायात को सुचारु किया। सुजानपुर थाना प्रभारी राकेश धीमान ने जिला पुलिस अधीक्षक भगत सिंह के हवाले से जानकारी देते हुए बताया कि निगम प्रबंधन और निजी पास में टक्कर हुई थी। दोनों पक्षों ने आपस में समझौता किया है किसी के हताहत एवं चोटिल होने की सूचना नहीं है।