तीन दिन से सुजानपुर में खड़े यूरिया खाद से लदे ट्रक के मामले में हिमफेड ने सख्त कदम उठाते हुए रविवार को स्टोर का ताला खुलवाकर ट्रक खाली कराया। जिला मुख्यालय से पहुंची सात सदस्यीय टीम ने 450 से अधिक यूरिया खाद के बैग गोदाम में सुरक्षित रखवाए और पूरे घटनाक्रम की वीडियोग्राफी भी करवाई। गौरतलब है कि चंडीगढ़ से यूरिया खाद लेकर ट्रक शुक्रवार सुबह सुजानपुर पहुंचा था। यह खाद क्षेत्र की सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों में वितरित की जानी थी, लेकिन अनलोडिंग नहीं होने के कारण ट्रक तीन दिन तक खड़ा रहा। इस मुद्दे को अमर उजाला ने 2 अगस्त के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया था। रविवार को हिमफेड के निदेशक राकेश ठाकुर और राकेश पटियाल के नेतृत्व में सात सदस्यीय टीम मौके पर पहुंची। टीम ने नगर परिषद सुजानपुर के वार्ड नंबर-5 स्थित हिमफेड स्टोर का ताला खुलवाया। स्टोर बंद होने के कारण आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद गोदाम खोला गया और ट्रक में लदी यूरिया खाद को व्यवस्थित तरीके से अंदर रखवाया गया। कार्रवाई के दौरान पूरे स्टॉक का मिलान कर सूची तैयार की गई। साथ ही संबंधित कर्मचारियों को मौके पर बुलाकर ट्रक समय पर खाली न करवाने के कारण स्पष्ट करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान एरिया मैनेजर कमलेश ठाकुर, स्टोर इंचार्ज ममता कुमारी, नादौन के इंचार्ज अजय चौधरी, हमीरपुर के सुशील कुमार, दीपक और अक्षय पठानिया सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। हिमफेड के एरिया मैनेजर कमलेश ठाकुर ने कहा कि ट्रक से यूरिया खाद उतरवाकर गोदाम में सुरक्षित रखवा दी गई है। पूरे मामले की विभागीय जांच करवाई जाएगी और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।