हमीरपुर शहर की सुंदरता को नया आयाम देने के लिए नगर निगम की ओर से शुरू की गई दीवार चित्रकारी (वॉल पेंटिंग) की पहल अब रंग लाने लगी है। शहर के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों और प्रमुख मार्गों पर बनी आकर्षक पेंटिंग लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच रही हैं। कभी बदरंग, जर्जर और पोस्टरों से अटी रहने वाली दीवारें अब रंग-बिरंगी कलाकृतियों से सजी नजर आ रही हैं, जिससे शहर का स्वरूप पूरी तरह बदलता दिखाई दे रहा है। नगर निगम ने करीब चार लाख रुपये की लागत से शहर के विभिन्न स्थानों पर थीम आधारित पेंटिंग करवाई हैं। इन चित्रों में हिमाचली संस्कृति, प्राकृतिक सौंदर्य, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण व सामाजिक जागरूकता से जुड़े संदेशों को प्रमुखता से स्थान दिया है। कला के माध्यम से लोगों तक सकारात्मक संदेश पहुंचाने का प्रयास भी किया गया है। शहर के लोगों का कहना है कि पहले इन दीवारों पर अवैध पोस्टर, विज्ञापन और गंदगी दिखाई देती थी, जिससे शहर की छवि प्रभावित होती थी। अब इन दीवारों पर बनी आकर्षक कलाकृतियां न केवल शहर की खूबसूरती बढ़ा रही हैं, बल्कि राहगीरों और पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बन गई हैं। कई स्थानों पर लोग रुककर तस्वीरें और सेल्फी लेते देखे जा सकते हैं। नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए भविष्य में भी ऐसे प्रयास जारी रहेंगे। सार्वजनिक स्थलों को कलात्मक स्वरूप देने से लोगों में स्वच्छता और संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ती है। शहरवासियों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए इसे नगर निगम की सकारात्मक और सराहनीय पहल बताया है। अब ये दीवारें केवल ईंट और सीमेंट की संरचनाएं नहीं, बल्कि शहर की कला, संस्कृति और जागरूकता की जीवंत पहचान बन चुकी हैं।