हमीरपुर उप जेल की सुरक्षा व्यवस्था में सेंध लगाने की कोशिश उस समय नाकाम हो गई, जब जेल की दीवार के ऊपर से फेंका गया प्रतिबंधित सामान सुरक्षा कर्मियों की सतर्कता से पकड़ लिया गया। बरामद पैकेट से करीब डेढ़ ग्राम चिट्टा, दो मोबाइल फोन, नशीले कैप्सूल, बीड़ी, लाइटर और नकदी मिली है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार बुधवार को किसी अज्ञात व्यक्ति ने एल्यूमिनियम फॉयल में लपेटकर एक पैकेट उप जेल की दीवार के ऊपर से अंदर फेंक दिया। इसी दौरान मोटर पंप चलाने के लिए पहुंचे एक कैदी ने पैकेट उठा लिया। ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा कर्मी की नजर उस पर पड़ गई और उसने तुरंत कैदी को रोककर वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी। जेल अधिकारियों की मौजूदगी में पैकेट की तलाशी ली गई, जिसमें करीब 1.5 ग्राम चिट्टा, दो मोबाइल फोन, नशीले कैप्सूल, बीड़ी, लाइटर और कुछ नकदी बरामद हुई। इसके बाद जेल प्रशासन ने तत्काल सदर थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार और सदर थाना प्रभारी कुलवंत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पूरी घटना जेल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है और फुटेज के आधार पर प्रतिबंधित सामग्री फेंकने वाले व्यक्ति की पहचान की जा रही है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि हाल ही में नालागढ़ जेल से हमीरपुर उप जेल में स्थानांतरित किए गए किसी कैदी तक यह प्रतिबंधित सामग्री पहुंचाने की कोशिश की गई। पुलिस जेल में बंद कैदियों से भी पूछताछ कर रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि तीन आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।