डांगक्वाली चौक के समीप सुजानपुर-हमीरपुर सड़क में सीवरेज का चैंबर खराब हो गया। इस चैंबर के मरम्मत कार्य के चलते वाहनों का जाम लग गया। लोगों को गंतव्य तक पहुंचने में देरी हुई। हालांकि यातायात पुलिस कर्मी ने जाम की समस्या का समाधान करवाने का प्रयास किए। शनिवार करीब 11:00 बजे सीवरेज के चेंबर में दिक्कत आ गई। इस कारण पानी की निकासी सही से नहीं हो रही थी। जल शक्ति विभाग के कर्मियों ने इसकी मरम्मत शुरू कर दी। सड़क के बीच मरम्मत कार्य के चलते जाम की समस्या से लोगों को भी परेशान होना पड़ा। वाहन भी रेंगते हुए गंतव्य की ओर रवाना हुए। यातायात पुलिस प्रभारी संजय राणा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने भी जाम की समस्या से निपटने के प्रयास किए। हालांकि, देर शाम तक जाम की समस्या लोगों को झेलनी पड़ी। यातायात पुलिस प्रभारी संजय राणा ने बताया कि सड़क के बीच सीवरेज का चैंबर खराब होने के बाद मरम्मत कार्य से सुचारू यातायात में दिक्कतें आईं। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही जाम की समस्या हल हो गई। जल शक्ति विभाग की ओर से मरम्मत कार्य के लिए अनुमति नहीं ली थी। इसकी अग्रिम अनुमति लेना आवश्यक होती है।