भाजपा प्रदेश प्रमुख प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने जिला मुख्यालय में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्रीय बजट जनहितकारी, संतुलित और विकसित भारत 2047 का ठोस रोडमैप है। इस अवसर पर हमीरपुर विधायक आशीष शर्मा, जिला महामंत्री अजय रिंटू शर्मा, जिला मीडिया प्रभारी विक्रमजीत सिंह बन्याल, जिला कोषाध्यक्ष धर्मेंद्र शर्मा, सुजानपुर मंडल महामंत्री सुरेश ठाकुर तथा सुजानपुर मंडल मीडिया प्रभारी नरेंद्र ठाकुर भी उपस्थित रहे। राजेंद्र राणा ने कहा कि विशेष रूप से स्वास्थ्य क्षेत्र में लिए गए ऐतिहासिक निर्णयों की सराहना करते हुए कहा कि अब स्वास्थ्य सेवा खर्च नहीं बल्कि सरकार की जिम्मेदारी बनेगी, क्योंकि कैंसर की दवाएं सस्ती की गई हैं, आयुर्वेद संस्थानों का विस्तार किया गया है और जिला अस्पतालों की आपातकालीन क्षमता में 50 प्रतिशत वृद्धि की गई है। राजेंद्र राणा ने कहा कि यह बजट किसान, बागवान, युवा, महिला, गरीब और मध्यम वर्ग सहित हर नागरिक को सशक्त करने वाला बजट है। स्वास्थ्य क्षेत्र में ऐतिहासिक फैसले, रोजगार सृजन, कृषि सुधार, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर तथा मेडिकल व पर्यटन हब की घोषणाएं देश और विशेष रूप से हिमाचल जैसे पहाड़ी राज्यों के लिए वरदान साबित होंगी। पर्यटन और मेडिकल टूरिज्म को बढ़ावा मिलने से हिमाचल की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी। राजेंद्र राणा ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार हिमाचल के मुद्दों को केंद्र के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाने में पूरी तरह विफल रहे हैं। बजट निर्माण के दौरान राज्य के हितों की आवाज उठाने के बजाय सुक्खू सरकार निष्क्रिय रही।