ट्रेन की तर्ज पर सरकारी बसों की लोकेशन यात्री जान सकेंगे। इसके लिए हमीरपुर बस अड्डा में (ग्लोबल पोजिशनिंग सिस्टम) (जीपीएस) से लैस चार एलईडी लगाई गई हैं। एलईडी में सरकारी बसों की लोकेशन प्रदर्शित होंगी। हालांकि, यह जानकारी उन्हीं बसों की मिलेंगी, जिन बसों में जीपीएस सुविधा होगी। बस अड्डा हमीरपुर में पहले छोटे आकार की एलईडी थी। इसमें जीपीएस की सुविधा नहीं थी। अब बडे़ आकार की और जीपीएस सुविधा से लैस एलईडी लगाई जाएगी। इस प्रणाली के लागू होने से बस चालकों की मनमानी रूकेगी। यात्रियों की शिकायतें आती हैं कि सरकारी बसें समय पर गंतव्य तक नहीं पहुंचती हैं। बसों की लाइव लोकेशन सीधे यात्री भी देख सकेंगे। एलईडी में बसों की लाइव लोकेशन दिखेगी। सीधे तौर पर यात्री भी देख सकेंगे कि उनकी बस कहां तक पहुंची और कितनी देर में आएगी। इससे यात्रियों को अनावश्यक इंतजार नहीं करना पड़ेगा। उन्हें बस आने की सटीक जानकारी हासिल हो सकेगी। अक्सर सरकारी बसें कहीं न कहीं खराब हो जाती हैं। इससे उनके आने में देरी हो जाती है। यात्री बस अड्डा पर बसों का इंतजार करते हैं। बस अड्डा हमीरपुर में जीपीएस सुविधा से लैस चार एलईडी लगाई गई हैं। बसों की लाइव लोकेशन इन एलईडी पर दिखेगी।-रामलाल, अड्डा प्रभारी, बस अड्डा हमीरपुर