विधानसभा क्षेत्र के तहत सुजानपुर में प्रस्तावित बस स्टैंड के निर्माण को लेकर विधायक कैप्टन रंजीत सिंह ने मंगलवार को भूमि पूजन किया। इस मौके पर विधायक ने कहा कि आगामी वर्ष बस स्टैंड का कार्य पूरा करके इसका लोकार्पण प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह ठाकुर से करवाया जाएगा। नगर परिषद सुजानपुर के वार्ड चार गांव डोली में राष्ट्रीय स्तरीय होली उत्सव के दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री की ओर से करीब 5 करोड़ की लाख से बनने वाले बस स्टैंड का नींव पत्थर रखा था। मंगलवार को निर्माण कार्य करने से पहले विधायक रणजीत सिंह ने भूमि पूजन किया। उन्होंने कहा कि सुजानपुर शहर में विकास कार्य तीव्र गति से हो रहा है। सिविल अस्पताल सुजानपुर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने कार्यभार संभाल लिया है। चौगान की सुंदरता को लेकर के उचित कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में विकास करवाना ही उनका सेवा भाव है। इस मौके पर पूर्व ब्लाक अध्यक्ष राजेंद्र वर्मा, नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष एवं पार्षद मनोज ठाकुर तथा कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।