थाना सदर के तहत अमनेड़ गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में प्रवासी व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक व्यक्ति की पहचान 27 साल के बबलू के रूप में हुई है। बबलू शाहजाहपुर यूपी का रहने वाला था और लंबे समय से अमनेड़ में रह रहा था। वहीं बबलू के परिजनों ने इसे हत्या करार दिया है। परिजनों ने कुछ लोगों पर बबलू को जहर देने का आरोप लगाया है। मंगलवार को परिजनों ने बबलू की मौत पर एसपी कार्यालय के बाहर विलाप किया। रोते-बिलखते हुए परिजनों ने पुलिस प्रशासन से उचित कार्रवाई की मांग की है। एसपी कार्यालय पहुंची बबलू की बहन आशा देवी ने आरोप लगाया है कि रात के समय कुछ लोगों ने उसे जहर दिया है। बबलू को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज लाया गया लेकिन उसकी मौत हो गई। उन्होंने आरोप लगाया है कि पुलिस से न्याय की उम्मीद है लेकिन पुलिस की ओर से कोई सुनवाई नहीं कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया है कि पुलिस मामले को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं पुलिस ने भी शव को पोस्टमार्टम के लिए डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मृत्यु के कारणों का पता चलेगा। एसपी हमीरपुर राजेश कुमार ने कहा कि 27 वर्षीय व्यक्ति की मौत हुई है। जहर से मौत की आशंका है। शव का पोस्टमार्टम करवाया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असल कारणों का पता चलेगा।