फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hamirpur News: मैहरे में विधायक इंद्रदत्त लखनपाल के होर्डिंग पर फेंकी स्याही, भाजपा ने पुलिस में दर्ज कराई शिकायत

हमीरपुर जिले के बड़सर विधानसभा क्षेत्र के मैहरे में भाजपा विधायक इंद्रदत्त लखनपाल के कार्यालय के बाहर लगे बड़े होर्डिंग पर अज्ञात व्यक्ति द्वारा स्याही फेंकने का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में राजनीतिक चर्चाओं का दौर तेज हो गया है, जबकि समर्थकों में भी नाराजगी देखी जा रही है। होर्डिंग पर चेहरे से लेकर कपड़ों तक काली स्याही फैली हुई दिखाई दे रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार यह घटना देर रात की हो सकती है। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि स्याही या पेंट किसने फेंका और इसके पीछे क्या मंशा थी। विधायक इंद्रदत्त लखनपाल ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके कार्यालय के बाहर लगे होर्डिंग को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेद लोकतंत्र का हिस्सा हैं, लेकिन सार्वजनिक संपत्ति या होर्डिंग पर इस तरह की हरकत करना उचित नहीं है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि ऐसा करने वाले व्यक्ति को सद्बुद्धि मिले, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों। विधायक ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए बड़सर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है और पुलिस से निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई करने का आग्रह किया गया है। घटना के बाद मैहरे और आसपास के क्षेत्रों में इसे लेकर अलग-अलग चर्चाएं हो रही हैं। कुछ लोग इसे राजनीतिक विरोध से जोड़कर देख रहे हैं, जबकि कुछ विकास कार्यों को लेकर असंतोष की बात कर रहे हैं। हालांकि इन दावों की किसी भी स्तर पर आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। एएसपी हमीरपुर लालमन शर्मा ने बताया कि विधायक इंद्रदत्त लखनपाल की ओर से लिखित शिकायत प्राप्त हुई है। शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। आसपास के साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आवश्यकता पड़ने पर सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली जाएगी। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें