लीगल ऐड डिफेंस काउंसिल (एलएडीसी) प्रणाली के विरोध में जिला बार एसोसिएशन हमीरपुर के अधिवक्ताओं ने शुक्रवार को न्यायालय परिसर में सांकेतिक हड़ताल कर विरोध दर्ज कराया। दो दिवसीय इस सांकेतिक हड़ताल का नेतृत्व जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सुनील कौंडल ने किया। अधिवक्ताओं ने एलएडीसी व्यवस्था पर पुनर्विचार की मांग करते हुए कहा कि यदि उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो बार काउंसिल और उच्च नेतृत्व के आगामी निर्देशों के अनुसार आंदोलन को और तेज किया जाएगा। बार एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि हड़ताल के बावजूद आम लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए प्रत्येक न्यायालय में आवश्यक मामलों की सुनवाई हेतु दो-दो अधिवक्ताओं की ड्यूटी लगाई गई है, ताकि जरूरी न्यायिक कार्य प्रभावित न हों। अधिवक्ताओं का कहना है कि एलएडीसी प्रणाली के तहत आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के मामलों की पैरवी के लिए सीमित संख्या में पूर्णकालिक अधिवक्ताओं की नियुक्ति की जाती है। इससे कानूनी सहायता से जुड़े मामलों में कुछ चुनिंदा अधिवक्ताओं को ही अवसर मिलेगा, जबकि अन्य वकीलों, विशेषकर युवा अधिवक्ताओं, के लिए ऐसे मामलों में कार्य करने के अवसर कम हो जाएंगे। बार एसोसिएशन ने मांग की कि कानूनी सहायता व्यवस्था ऐसी बनाई जाए, जिसमें अधिक से अधिक अधिवक्ताओं को समान अवसर मिलें और न्यायिक व्यवस्था में सभी की भागीदारी सुनिश्चित हो।