उपमंडल हमीरपुर के तहत ताल स्टेडियम में आयोजित दंगल में बड़ी माली तथा छोटी माली का मुकाबला काफी रोमांच भरा रहा। बड़ी माली में इंद्रजीत ललिया और फरमान मलेरकोटला के बीच मुकाबला हुआ जिसमें इंद्रजीत ने फरमान को शिकस्त देकर खिताब अपने नाम किया। छोटी माली का मुकाबला अब्बास मलेरकोटला और होशियारपुर के बिल्लू के बीच हुआ जिसमें अब्बास ने बिल्लू को पटखनी दी। इस दंगल का आयोजन छिंज कमेटी ताल की ओर से किया गया। दंगल के सफल आयोजन में संदीप पटियाल कपोटी व राहजोल से गुरदास वर्मा ने भी सहयोग दिया। बड़ी माली के विजेता पहलवान को 11 हजार रुपये व गुर्ज तथा उपविजेता को 9100 रुपये की राशि देकर सम्मानित किया गया। छोटी माली के विजेता अब्बास को 8100 रुपये व गुर्ज तथा उपविजेता बिल्लू को 7100 रुपये देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर लोगों के मनोरंजन के लिए झूले व खरीदारी के लिए दुकानें भी सजी थी। दंगल के दौरान लोगों पहलवानों का उत्साह बढ़ाया। बता दें कि दंगल के सफल आयोजन के लिए दर्शकों के बैठने का भी विशेष प्रबंध किया गया है ताकि वह दंगल का आनंद ले सकें। लोगों ने अपनी छतों पर बैठ कर भी दंगल का आनंद लिया।