विधानसभा क्षेत्र भोरंज में हमीरपुर जिले के सबसे उम्रदारज मतदाता खड़कू राम इस बार भी मतदान करेंगे। ग्राम पंचायत कड़ोहता के गांव जाड़ में 113 वर्षीय मतदाता खड़कू राम जिला के वरिष्ठ मतदाताओं में से एक हैं। खड़कू राम का कहना है कि वह इस बार भी स्वयं वोट डालने जाएंगे। उनका कहना है कि अब मतदान करने में आसानी रहती है। किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता है। ईवीएम मशीन में जिस उम्मीदवार को वोट डालना होता है, उसकी फोटो देख बंटन दबा दिया जाता है। पूर्व में बैलेट पेपर से मतदान करने में मुश्किल होती थी। उनका कहना है कि कुछ वर्ष पूर्व तो उम्मीदवार स्वयं घर-घर जाकर वोट मांगते थे और जनता भी उन्हें वोट डालने का आश्वासन देती है, जब उनके हित व क्षेत्र के हित करने का वायदा किया जाता था। पार्टियों के कार्यकर्ता छोटे-छोटे समूहों में भी ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचते थे। अब मोबाइल, टेलीविजन व सोशल मीडिया पर ही जानकारी मिलती रहती है। वहीं ग्राम पंचायत कड़ोहता के पूर्व प्रधान वीर सिंह रणैत ने कहा कि खड़कू राम हर बार स्वयं मतदान करने जाते हैं और इस बारे में आवश्यक रूप से चर्चा करते हैं। इस बार खड़कू राम 18वीं बार लोकसभा चुनाव में मतदान करेंगे।