नगर निगम की डंपिंग साइट पर अब कचरे के स्थान पर पौधे नजर आएंगे। नगर निगम ने कचरे के निपटान के बाद खाली पड़ी जमीन पर पौधे रोपित करने का फैसला लिया है। नगर निगम ने इसके लिए प्लास्टिक कचरे को मैनुअल तरीके से हटाने की कवायद शुरू कर दी है। नगर निगम के तहत दुगनेहड़ी में पुराना कचरा करीब 5 हजार मीट्रिक टन तक सीमित रह गया है। पुराने कचरे के निपटान के बाद जमीन में कुछ प्लास्टिक कचरा शेष रह गया है। इसे मशीनरी के साथ हटाना नामुमकिन है। ऐसे में नगर निगम के अधिकारियों ने मैनुअल तरीके से मजदूर लगाकर प्लास्टिक कचरे को साफ करवाया जा रहा है। इसके बाद यहां पर पौधे रोपित किए जाएंगे । इससे पर्यावरण भी संरक्षित रहेगा। डंपिंग क्षेत्र में फूल भी लगाए जाएंगे। अधिकारियों की मानें तो अधिकांश मलबे का निपटान कर लिया गया है। आयुक्त नगर निगम हमीरपुर राकेश कुमार शर्मा ने बताया कि डंपिंग साइट में अधिकांश कचरा मशीनरी से उठाया गया है, लेकिन कुछ कचरा जमीन में दबा हुआ है जो मशीनरी से नहीं हटाया जा सका है। इसे मैनुअल तरीके से हटाया जा रहा है । इसके बाद यहां पर फूल और पौधे लगाए जाएंगे ताकि क्षेत्र को पूर्व की तरह सुंदर बनाया जा सके। इस मौके पर अतिरिक्त आयुक्त राम प्रसाद शर्मा भी उपस्थित रहे।