उपमंडल भोरंज के तहत पलपल पंचायत को शीघ्र ही नए भवन की सुविधा मिलेगी। पंचायत भवन निर्माण कार्य का करीब 65 फीसदी कार्य पूरा हो गया है। दो से तीन महीनों के भीतर कार्य संपन्न करने का लक्ष्य रखा गया है। भवन निर्माण पर करीब एक करोड़ 14 लाख रुपये का बजट खर्च किया जा रहा है। 33 लाख रुपये प्रथम किस्त के रूप में मिले हैं। पंचायत की ओर से दूसरी किस्त का इंतजार किया जा रहा है। इस भवन में पंचायत प्रधान और सचिव के लिए अलग-अलग कमरे बन रहे हैं। बैठकों के लिए हॉल भी बनाया जा रहा है। इसके अलावा अन्य निर्माण कार्य प्रस्तावित हैं। पलपल पंचायत 2020 में धिरड़ पंचायत से तोड़ कर बनी है।अभी तक पंचायत भवन के अभाव के कारण पंचायत कार्यालय नगरोटा खड्ड बाजार के पास सामुदायिक भवन में चल रहा है। पलपल पंचायत प्रधान जोगिंद्र राणा ने बताया कि पंचायत भवन के निर्माण पर करीब एक करोड़ 14 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। जल्द ही भवन निर्माण कार्य पूर्ण हो जाएगा।