अगर कांग्रेस आलाकमान हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी मुझे सौंपती है तो मैं सहजता से उसका पालन करूंगा। यह बात हमीरपुर में स्वतंत्रता दिवस समारोह में पहुंचे विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार ने पत्रकारों के साथ बातचीत में कहें। उन्होंने कहा कि वह कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पद के दावेदार नहीं है मगर मुख्यमंत्री ऐसा चाहते हैं तो वह इसका स्वागत करते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में वन मैन वन पोस्ट के चलते अगर उनसे सरकार इस्तीफा मांगती है तो भी वह इसे देने को तैयार हैं। आगामी विधानसभा सत्र को लेकर पूछे गए प्रश्न पर विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि सत्र के लिए विधायकों के द्वारा पूछे गए प्रश्नों के जवाब सरकार के द्वारा तैयार कर लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सत्र के दौरान विपक्ष की भूमिका अहम होती है और प्रदेश के ज्वलंत मुद्दों को लेकर विधानसभा सत्र के दौरान चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि अगर विपक्ष विधानसभा सत्र के दौरान प्रदेश में आई आपदा को लेकर विस्तृत चर्चा करना चाहता है तो कांग्रेस पक्ष भी इसमें सार्थक चर्चा करने को तैयार है।