राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बदारन में शुक्रवार को वार्षिक समारोह धूमधाम से मनाया गया। समारोह में समाजसेवी सुनील सांगल बतौर मुख्यातिथि उपस्थित हुए। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहकर सभ्य नागरिक बनने की नसीहत दी। समारोह में विद्यार्थियों ने पहाड़ी नाटी, पंजाबी गिद्दा सहित अन्य रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। डॉ. हरदीप ठाकुर ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए पूरे वर्ष की शैक्षणिक, खेलकूद एवं सांस्कृतिक उपलब्धियों का विस्तारपूर्वक उल्लेख किया। उन्होंने एसएमसी सहित सभी अभिभावकों, समाजसेवियों और स्थानीय संगठनों के निरंतर सहयोग के लिए धन्यवाद व्यक्त किया।