अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) हमीरपुर इकाई की ओर से आज महाविद्यालय परिसर में विद्यार्थियों की विभिन्न समस्याओं एवं विश्वविद्यालय प्रशासन की छात्र विरोधी नीतियों के विरोध में धरना-प्रदर्शन किया गया। धरने का नेतृत्व इकाई अध्यक्ष दीक्षित ठाकुर ने किया। इस दौरान परिषद कार्यकर्ताओं ने छात्रों के अधिकारों की रक्षा के लिए जोरदार नारेबाजी करते हुए प्रशासन को चेतावनी दी कि छात्र हितों के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। इकाई अध्यक्ष दीक्षित ठाकुर ने कहा कि विश्वविद्यालय द्वारा की गई मनमानी फीस वृद्धि विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ डाल रही है। परिषद मांग करती है कि इस अनुचित फीस वृद्धि को तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाए। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक परंपराओं को मजबूत करने एवं विद्यार्थियों को अपनी आवाज़ उठाने का अधिकार देने के लिए छात्र संघ चुनाव शीघ्र बहाल किए जाएं। उन्होंने हमीरपुर महाविद्यालय में ई-कॉमर्स कोर्स को बंद करने के निर्णय का कड़ा विरोध करते हुए कहा कि यह विद्यार्थियों के भविष्य के साथ अन्याय है।