फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hamirpur: दंपती के घर से 74 ग्राम चिट्टा, 607 ग्राम चरस, 5 ग्राम अफीम और 2.19 लाख नकद बरामद

जिला हमीरपुर में नशे के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए सदर थाना पुलिस को सोमवार देर रात एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना प्रभारी की अगुवाई में पुलिस टीम ने शहर के वार्ड नंबर 2 में एक घर में दबिश देकर भारी मात्रा में नशीले पदार्थों के साथ नकद राशि बरामद की। पुलिस ने मौके से एक दंपती को गिरफ्तार किया है और मामले की गहन जांच जारी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पकड़े गए आरोपियों की पहचान आशीष देव शर्मा उम्र 33 वर्ष पुत्र स्वर्गीय रोशन लाल और आरोपी की पत्नी कल्पना शर्मा उम्र 27 वर्ष निवासी हाउस नंबर 98, वार्ड नंबर 2, तहसील एवं जिला हमीरपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके घर की तलाशी के दौरान 74 ग्राम चिट्टा, 607 ग्राम चरस, 5 ग्राम अफीम और 2,19,260 रुपये नकद बरामद किए हैं। बताया जा रहा है कि आशीष पहले मोबाइल फोन की दुकान चलाता था, जिसे अब किराए पर दे चुका है। आरोपी नशे की लत के चलते पहले नशा मुक्ति केंद्र में भी रह चुका है। उसकी मां अपनी बेटी के साथ अलग घर में रहती है, जबकि आरोपी अपनी पत्नी और दो छोटे बच्चों के साथ उसी घर में रहता था, जहां से यह बरामदगी हुई है। सदर थाना टीम की मौजूदगी में नशीले पदार्थ और नकदी को कब्जे में लेकर सील किया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें हिरासत में लिया गया है। एसपी हमीरपुर भगत सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि जिले में नशा तस्करों के खिलाफ सख्त अभियान जारी है। उन्होंने कहा कि इस तरह की बरामदगी नशा कारोबारियों के लिए कड़ा संदेश है। एसपी ने यह भी बताया कि पुलिस यह जांच कर रही है कि आरोपी का संबंध किसी बड़े तस्करी गिरोह से तो नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का भी पता लगाया जा रहा है और जल्द ही मामले में और गिरफ्तारी हो सकती है। पुलिस इस बात की भी छानबीन कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में नशा और नकदी कहां से लाई गई और किन-किन लोगों तक इसे पहुंचाया जाना था। आरोपी को आज न्यायालय में पेश किया गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है और उम्मीद जताई है कि ऐसे सख्त कदमों से क्षेत्र में नशे के बढ़ते खतरे पर अंकुश लगेगा।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें