फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hamirpur: 11 खिलाड़ियों ने थाने में पहुंच शारीरिक शिक्षक पर लगाए मारपीट के आरोप

हमीरपुर जिले के राजकीय उच्च विद्यालय नरेली के 11 विद्यार्थियों ने शारीरिक शिक्षक पर मारपीट के आरोप लगाए हैं। बुधवार सुबह करीब साढ़े सात बजे खिलाड़ी छात्रों ने अभिभावकों के साथ पुलिस थाना हमीरपुर पहुंचकर इस विषय पर शिकायत दी है। इस दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि शारीरिक शिक्षक बच्चों के साथ मारपीट करता है, जिससे छात्रों में भय और तनाव का माहौल है। शिकायत को लेकर स्कूल के 11 छात्रों ने अभिभावकों के साथ पुलिस थाना हमीरपुर में लिखित शिकायत दी है। वहीं शिक्षा विभाग ने भी इस मामले में जांच कमेटी गठित कर विभागीय जांच शुरू कर दी है। अभिभावकों ने बताया कि बच्चों के साथ हो रही मारपीट असहनीय है और इस पर तुरंत कार्रवाई होनी चाहिए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अभिभावकों का कहना है कि शारीरिक शिक्षक का व्यवहार पिछले कुछ दिनों से बच्चों के प्रति बिल्कुल सही नहीं है। शिक्षक बच्चों को डराता-धमकाता है। खिलाड़ियों ने बताया कि पहली अक्तूबर से भोरंज स्कूल में जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता शुरू होनी थी। ऐसे में शारीरिक शिक्षक ने स्कूल के सभी खिलाड़ी छात्रों को सुबह छह बजे तक स्कूल पहुंचने और साथ ही 700 रुपये लाने के आदेश दिए थे। उन्होंने साफ कहा था कि जो खिलाड़ी समय पर स्कूल नहीं पहुंचेगा, उसे टीम से बाहर कर दिया जाएगा। इसी दबाव में ज्यादातर खिलाड़ी सुबह छह बजे से पहले ही स्कूल में पहुंच गए। लेकिन शिक्षक लगभग साढ़े छह बजे स्कूल पहुंचे और वहां मौजूद खिलाड़ियों से नाराज हो गए और बेवजह मारपीट भी की। इस दौरान उन्हें थप्पड़ भी जड़े गए और मुर्गा बनने की सजा भी दी गई। प्रतियोगिता के लिए टीम को लेकर नहीं गए। जिसके उपरांत खिलाड़ियों ने परिजनों के साथ शिकायत दर्ज करवाई। सरकारी स्कूल के 11 विद्यार्थियों ने अपने शारीरिक शिक्षक के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज करवाया है। खिलाड़ियों का मेडिकल करवाया गया है। मामले में छानबीन शुरू कर दी गई है।- कुलवंत सिंह, थाना प्रभारी सदर। मामला संज्ञान में आया है। शिकायत आने के बाद दो अधिकारियों की जांच कमेटी गठित की गई है। मामले में नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी- डॉ. एमआर चौहान, उपनिदेशक, उच्च शिक्षा विभाग हमीरपुर। कुठेड़ा में बच्चों के जाने के लिए बस रूकवाई थी लेकिन कोई नहीं आया है। बच्चों को बसस्टैंड हमीरपुर में जाकर देखा लेकिन बच्चे यहां से भी निकल गए थे। बच्चों से कोई मारपीट नहीं की गई है। थाना से फोन आने के बाद शिकायत की जानकारी मिली है। यह आरोप सरासर झूठे हैं।- राजकुमार, शारीरिक शिक्षक, राजकीय उच्च विद्यालय नरेली

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें