विधानसभा क्षेत्र सुजानपुर में भाजपा स्थापना दिवस के अवसर पर टिब्बी पंचायत के नखरेड मुंशीयां गांव में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पूर्व विधायक राजेंद्र राणा के जन्मदिन के संयोग से यहां पर उनके समर्थकों ने जश्न मनाया। हमीरपुर के विधायक और जिला के पूर्व विधायकों सहित सैंकड़ों की संख्या में लोग व गणमान्य व्यक्ति इस आयोजन में पहुंचे। पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने कहा कि इस कार्यक्रम में कांग्रेस के कई कार्यकर्ताओं ने पार्टी छोड़कर भाजपा ज्वाइन की है। इस दौरान सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि इन कार्यकर्ताओं ने वर्षों तक बिना किसी पद की लालसा के पार्टी के लिए कार्य किया और संगठन की जड़ों को मज़बूत किया। यह पार्टी की असली रीढ़ हैं। भाजपा की यात्रा केवल दो सांसदों से शुरू हुई थी और आज यह दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है। यह परिवर्तन सिर्फ संख्या का नहीं, संकल्प और सिद्धांतों की जीत का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार घोटालों की दलदल में फंसी है और उन्हें दबाने की कोशिश में व्यस्त है। कानून व्यवस्था खत्म हो चुकी है। झूठे वादों और गारंटियों से जनता को गुमराह किया गया है। न कर्मचारी खुश हैं न पेंशनर संतुष्ट हैं। युवाओं को रोजगार का इंतजार है, लेकिन सरकार सिर्फ बयानबाज़ी कर रही है। इस मौके पर विधायक आशीष शर्मा, पूर्व विधायक कमलेश कुमारी, पूर्व विधायक अनिल धीमान, पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री पूर्व विधायक रवि धीमान, पूर्व जिला अध्यक्ष प्यारेलाल शर्मा सहित अन्य पार्टी नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।