जिला परिषद वार्डों की सूची जारी होने के बाद हमीरपुर ब्लॉक में बनाए गए दो वार्डों को लेकर ग्रामीणों ने आपत्ति जाहिर की है। गुरुवार को ग्रामीणों ने ताल वार्ड को विभाजित कर चमनेड को जिला परिषद वार्ड बनाने की मांग की। मांग को लेकर ग्रामीणों ने एडीसी अभिषेक गर्ग को मांगपत्र सौंपा। मांग पत्र में ग्रामीणों समाजसेवी बलदेव धीमान, राकेश कुमार, राजेश कुमार आदि ने कहा कि ताल वार्ड में 21 पंचायतों को शामिल कर दिया गया है। पुनर्गठन के बाद हमीरपुर जिला में 18 जिला परिषद वार्ड बनाए गए हैं। इसमें यह वार्ड सबसे बड़ा है। चार विधानसभा क्षेत्रों में चार-चार जिला परिषद वार्ड हैं जबकि हमीरपुर विधानसभा में दो ही बनाए गए हैं। इनमें जंगलरोपा व ताल वार्ड बनाया गया है। जंगल रोपा वार्ड में 12 पंचायतों को शामिल किया गया है जबकि ताल में 21 पंचायतें डाल दी गई है। ऐसे में भौगोलिक, जनसंख्या व विकास की दृष्टि से यह सही नहीं है। ताल वार्ड को विभाजित कर चमनेड को अलग वार्ड बना दिया जाए। दोनों वार्डों में एक में 11 जबकि दूसरे में 10 पंचायतों को डाला जाए।वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार ताल वार्ड में शामिल 21 पंचायतों की जनसंख्या 32,775 है। इतनी जनसंख्या जिला परिषद के किसी भी वार्ड की नहीं है। हर वार्ड में नौ से लेकर 15 तक पंचायतें शामिल हैं और जनसंख्या भी 12 से 18 हजार के बीच में है। विकास की दृष्टि से देखा जाए तो जो बजट जिला परिषद वार्ड को मिलता है वह 21 पंचायतों में बंटेगा। ऐसे में विकास के कार्य में विसंगति पैदा हो गई। ऐसे में वार्डों का पुन गठन किया जाए ताकि समस्या का समाधान हो सके। एडीसी अभिषेक गर्ग ने मांग पत्र को लेकर ग्रामीणों की मांग को सरकार के समक्ष रखने का आश्वासन दिया।