नीट पेपर लीक मामले और छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी ने शनिवार को शाम करीब 6:30 बजे लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के विश्राम गृह से गांधी चौक तक कैंडल मार्च निकाला। मार्च में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लेकर छात्रों के हितों की रक्षा की मांग की। मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि नीट पेपर लीक की घटना से पूरे देश के युवाओं में निराशा और आक्रोश है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस घटना की कड़ी निंदा करती है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करती है। उन्होंने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को युवाओं और लोकतंत्र की जीत बताते हुए कहा कि युवाओं के हितों की अनदेखी नहीं की जा सकती। उन्होंने केंद्र सरकार पर युवाओं के साथ अन्याय करने का आरोप लगाया और कहा कि कांग्रेस छात्रों के अधिकारों और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी। इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुमन भारती, भोरंज के विधायक सुरेश कुमार, सुजानपुर के विधायक रंजीत सिंह तथा मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू सहित कई कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।