नगर परिषद सुजानपुर के किसी भी वार्ड में किसी तरह की समस्या की शिकायत व्हाट्सएप नंबर पर की जा सकती है। कोई भी व्यक्ति इस मोबाइल नंबर पर शिकायत कर सकता है। यह निर्णय शनिवार को सुजानपुर नगर परिषद की मासिक बैठक में लिया गया। शनिवार को आयोजित बैठक में नगर परिषद सुजानपुर ने शहर के लोगों की सुविधा के लिए टोल फ्री मोबाइल नंबर जारी कर दिया है। किसी भी वार्ड में गंदगी, लाइटों की समस्या के साथ अन्य समस्या की शिकायत इस नंबर पर दर्ज करवाई जा सकती है। शिकायत प्राप्त होने के बाद उस शिकायत का हल सुनिश्चित किया जाएगा। नगर परिषद उपाध्यक्ष मनीष गुप्ता ने नगर परिषद सुजानपुर की मासिक बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि यह मोबाइल नंबर 89885-72190 है। उन्होंने कहा कि अपने नाम से पंजीकृत सिम नगर परिषद को दी है। जो टैंडर किसी कारणवश रद्द हो गए थे, उन्हें दो या तीन दिनों के भीतर दोबारा लगाया जाएगा। विभिन्न वार्ड से स्ट्रीट लाइटों के खराब होने की समस्या आ रही थी। इस समस्या का समाधान किया जाएगा। हर वार्ड में पांच-पांच स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। जो स्ट्रीट लाइटें खराब होंगी, उनकी मरम्मत की जाएगी। दलगत राजनीति से ऊपर उठकर कार्य किए जाएंगे। इस मौके पर हाल ही में नवनिर्वाचित पार्षद नीरजा ठाकुर की नगर परिषद की प्रथम बैठक में आने पर तमाम पार्षदों सहित अध्यक्ष व उपाध्यक्ष ने स्वागत किया। इस मौके पर नगर परिषद अध्यक्ष शकुंतला देवी सहित पार्षद वीना धीमान, सविता महाजन, नीरजा ठाकुर, नीता सड़ियाल, सुनीता देवी इत्यादि मौजूद रहीं।