सुजानपुर (हमीरपुर)। नगर परिषद सुजानपुर के कांग्रेस समर्थित पांचों पार्षदों के वार्डों में विकास कार्यों के लिए एक-एक लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। कुल पांच लाख रुपये की यह राशि एक सप्ताह के भीतर नगर परिषद कार्यालय को मिल जाएगी। इसके बाद संबंधित वार्डों में विकास कार्य करवाए जाएंगे। सुजानपुर के विधायक कैप्टन रंजीत सिंह ने लोक निर्माण विभाग के स्थानीय विश्रामगृह में पत्रकार वार्ता के दौरान यह बातें कही। नगर निकाय चुनावों में नगर परिषद सुजानपुर टिहरा में नौ वार्ड में से पांच वार्ड में कांग्रेस विचारधारा से पार्षद जीत कर आए हैं। उन्होंने कहा कि पांचों वार्डों में स्वीकृत राशि खर्च होने के बाद प्रत्येक वार्ड के लिए एक-एक लाख रुपये की अतिरिक्त राशि भी मंजूर करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों में धन की कमी नहीं आने दी जाएगी। विधायक ने पूर्व विधायक एवं भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता राजेंद्र राणा पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पूर्व विधायक अपनी संपत्ति का सार्वजनिक ब्योरा दें और जनता को बताएं कि इतनी संपत्ति उन्होंने कहां से अर्जित की। कैप्टन रंजीत ने राजेंद्र राणा पर चंडीगढ़ में सरकारी जमीनों से जुड़े मामलों को लेकर भी आरोप लगाए और कहा कि उनके साथ रहे कुछ लोग जेल तक गए हैं।