जिला हमीरपुर के पांच विकास खंडों में पंचायत समितियों के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव में हो रही देरी को लेकर भाजपा ने प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर की अगुवाई में पार्टी प्रतिनिधिमंडल ने अतिरिक्त उपायुक्त हमीरपुर के माध्यम से प्रदेश सरकार को ज्ञापन भेजकर लंबित चुनाव जल्द करवाने की मांग उठाई। राकेश ठाकुर ने कहा कि पंचायत चुनाव संपन्न हुए करीब तीन माह होने वाले हैं, लेकिन हमीरपुर जिले के पांच विकास खंडों में पंचायत समितियों के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव अभी तक नहीं करवाए गए हैं। केवल भोरंज विधानसभा क्षेत्र में ही बीडीसी अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव हो पाया है। उन्होंने कहा कि निर्वाचित प्रतिनिधियों को उनके संवैधानिक और लोकतांत्रिक अधिकार से लंबे समय तक वंचित रखना पंचायती राज व्यवस्था के हित में नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार ने पहले पंचायती राज चुनाव करवाने में भी अनावश्यक देरी की और अब पंचायत समितियों के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष के चुनाव को भी लटकाया जा रहा है। ज्ञापन सौंपने वालों में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता राजिंद्र सिंह राणा, विधायक इंद्रदत्त लखनपाल, महिला मोर्चा प्रदेश महामंत्री कमलेश कुमारी, पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री, जिला महामंत्री अजय रिंटू, जिला मीडिया प्रभारी विक्रमजीत सिंह बन्याल सहित विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।