केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी अनुराग ठाकुर ने सोमवार को सदर विधानसभा क्षेत्र के तहत मंदरीघाट, कुहमझवाड़, बल्हचुराणी, मल्यावर, कंदरौर और बल्ह-भलवाणा में चुनावी सभाएं कीं। अनुराग ठाकुर ने कहा कि इंडी गठबंधन में शामिल कांग्रेस समेत अन्य दलों के पास न तो कोई सर्वमान्य नेता है और न ही देश के विकास के लिए उनके पास कोई नीति है। उनकी नीयत भी साफ नहीं है। आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और तेलंगाना में एससी, एसटी और ओबीसी का कोटा पांच प्रतिशत कम कर दिया गया। अब हिमाचल में भी यही तैयारी चल रही है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि जिन लोगों ने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर को अपमानित और प्रताड़ित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी, उनसे एससी, एसटी और ओबीसी के हितों की रक्षा की उम्मीद रखना बेमानी है। आलम यह है कि कांग्रेस सत्ता में आने पर देशवासियों की संपत्ति का सर्वे कराकर उसका बंटवारा करने की बात कर रही है।