केंद्र की भाजपा सरकार जनता को जनहित से मुद्दों से भटकाने में माहिर है। आखिरकार दस साल से सत्ता रहते हुए भाजपा ने क्यों तसल्ली से नेशनल हेराल्ड मामले की जांच नहीं करवाई। कांग्रेस नेताओं पर बार-बार आधारहीन सवाल उठाए जाने से कांग्रेस कार्यकर्ता आहत हैं। अहमदाबाद में कांग्रेस के सफल राष्ट्रीय अधिवेशन से भी भाजपा घबरा कर इस तरह के हथकंडे अपना रही है। हमीरपुर में महिला कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व सीपीएस अनिता वर्मा ने यह बातें कहीं। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले वह अहमदाबाद में कांग्रेस के एक अधिवेशन में हिस्सा लेने गई थी। अधिवेशन में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला है। गुजरात से पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह आते हैं। बावजूद इसके कांग्रेस का यहां पर सफल और शानदार अधिवेशन हुआ है। यही वजह है कि भाजपा सरकार ने घबरा कर कांग्रेस नेताओं के खिलाफ ईडी और सीबीआई की जांच दोबारा बिठा दी है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के बयानों पर पलटवार करते हुए पूर्व कांग्रेस राष्ट्रीय महिला अध्यक्ष अनीता वर्मा ने कहा कि हिमाचल की आर्थिक स्थिति बेशक कमजोर है। लेकिन भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा केंद्र के समक्ष हिमाचल की आर्थिक स्थिति को स्पष्ट करने में पूरी तरह से असफल सिद्ध हुए हैं। कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल महाराष्ट्र से संबंध रखती हैं लेकिन उन्होंने हिमाचल की आर्थिक स्थिति पर केंद्र में पक्ष रखा है। जेपी नड्डा हिमाचल से संबंध रखते हैं लेकिन वह केंद्र सरकार से कोई भी बड़ी स्कीम हिमाचल के लिए नहीं ला पाए हैं।