फीस वृद्धि के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं और विद्यार्थियों ने मंगलवार को कॉलेज परिसर में प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने कॉलेज के दोनों मुख्य गेटों पर ताला जड़ दिया और विद्यार्थियों को अंदर जाने से रोक दिया। विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने फीस वृद्धि को वापस लेने की मांग उठाई। उनका कहना था कि लगातार बढ़ाई जा रही फीस से विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। प्रदर्शनकारियों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए फीस वृद्धि के फैसले को तत्काल वापस लेने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान कॉलेज के दोनों प्रवेश द्वार बंद रहने से विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई विद्यार्थी गेट के बाहर खड़े रहे। परिषद कार्यकर्ताओं ने कहा कि जब तक फीस वृद्धि को लेकर विद्यार्थियों के हित में निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।