धर्मशाला में हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय की एनएसयूआई धर्मशाला इकाई की ओर से पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया। एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर आरोप लगाए हैं कि केंद्रीय विवि में पीएचडी प्रवेश को लेकर चल रही धांधलियों को बंद किया जाए और पीएचडी में पात्र विद्यार्थियों को ही प्रवेश दिया जाए। एनएसयूआई की प्रदेश महासचिव नेहा कौशल ने बताया कि उनके पास ऐसी कई सूचियां पड़ी हैं, जिनमें पीएचडी के लिए पात्र विद्यार्थियों को प्रवेश के लिए करवाए गए इंटरव्यू में बाहर कर दिया गया हैं। हालांकि, कई विद्यार्थियों ने तो नेट सहित जेआरएफ की परीक्षाएं भी पास की हैं। प्रशासन से मांग है कि दोबारा से पीएचडी में प्रवेश के लिए इंटरव्यू पैनल बिठाया जाए और पात्र विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाए।