हिमाचल किसान सभा ब्लॉक इकाई धर्मशाला ने बुधवार को धर्मशाला डाकघर से लेकर जिलाधीश कांगड़ा के कार्यालय तक रैली निकाली और डीसी कार्यालय के बाहर दो घंटे तक प्रदर्शन दिया। इस धरने का नेतृत्व हिमाचल किसान सभा के राज्य उपाध्यक्ष शौकीनी राम कपूर, जिला अध्यक्ष जगदीश जग्गी व जिला उपाध्यक्ष प्रताप सिंह ने किया। इस धरने को संबोधित करते हुए नेताओं ने कहा कि प्रदेश सरकार को तुरंत सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दायर करना चाहिए ताकि किसानों व गरीबों के पुश्तैनी कब्जों की बेदखली के ऊपर तुरंत रोक लगाई जा सके और धारा 163-ए की बहाली के लिए सरकार विधानसभा मे संकल्प प्रस्ताव पारित करके तुरंत प्रदेश के हाईकोर्ट में पुनर्विचार याचिका दायर करनी चाहिए ताकि गरीबों व किसानों के पुस्तैनी कब्जों पांच बीघा तक नियमितीकरण का रास्ता खोला जा सके। कहा कि अगर प्रदेश सरकार इन मुद्दों पर जल्द कोई निर्णय नहीं लेती है तो हिमाचल किसान सभा पूरे प्रदेश के अंदर इस आंदोलन को और तेज करेगी। इस रैली में हिमाचल किसान सभा के ब्लॉक अध्यक्ष सुरेश कुमार, ब्लॉक सचिव धनवीर सिंह, अमर सिंह, संग्राम सिंह, बलवंत सिंह, प्रकाश चंद, ईश्वर दास, किशोरी लाल, सरिता देवीख् विकास भारती, प्रदीप कुमार, सरवन कुमार व 250 किसानों ने भाग लिया।