चुराह की देवीकोठी पंचायत में ग्रामीणों को बंद पेयजल आपूर्ति बहाल करने के लिए सात किमी डेढ़ फीट बफ में जाकर स्वयं कार्य करना पड़ा। ग्रामीणों ने पानी के सोर्स में जाकर टूट चुकी पाईपों को रैंच के जरिए ठीक किया। इसके बाद सात किमी लंबी लाईन में अन्य स्थानों पर भी हो रही लीकेज को भी लोगों ने स्वयं ठीक किया। ऐसा नहीं है कि लोगों ने अपनी समस्या के बारे में प्रशासन व विभाग को नहीं बताया। जबकि लोगों का कहना है कि वे इस समस्या को लेकर 1100 नंबर पर भी अपनी शिकायत दर्ज करवा चुके हैं। बावजूद इसके अभी तक समस्या का कोई समाधान नहीं हुआ। यही वजह रही कि लोगों को स्वयं हाथ में रैंच लेकर सात किमी बर्फ में चलकर क्षतिग्रस्त पेयजल लाईन को ठीक करना पड़ा। इस दौरान ग्रामीणों ने प्रशासन व विभाग के प्रति गहरी नाराजगी भी जाहिर की।