अवैध तरीके से कशमल छुपाने के आरोप में सील की गई दुकान का ताला वन विभाग की टीम ने डीएफओ से सर्च वारंट लेकर छिणी व हथौड़े से तोड़ा। इस दौरान पंचायत प्रतिनिधि भी साथ रहे। शुक्रवार रात को वन विभाग की टीम ने गुलेल के पास एक दुकान में कुछ लोगों को कशमल जड़े छुपाते हुए पकड़ा। जोकि दुकान में ताला लगाकर वहां से भाग निकले। रात को उन्हें फोन करके दुकान खोलने के लिए कहा गया, लेकिन वह नहीं आए। शनिवार को भी उन्हें बुलाया गया, लेकिन वे नहीं आए, इसके चलते वन विभाग की टीम ने दुकान पर लगे तालों को सील कर दिया। रविवार को डीएफओ चुराह से दुकान का सर्च वारंट लेकर टीम ने सील की गई दुकान का ताला तोड़ दिया। जैसे ही दुकान का शटर उठाया तो उसके अंदर कशमल की जड़ें बरामद हुई।