पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल और डीजल खत्म होने के डर से चंबा में तेल भरवाने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। ट्रक ऑपरेटरों की हड़ताल के चलते जिले के एक पेट्रोल पंप को छोड़कर शेष में पेट्रोल-डीजल के लिए हाहाकार मच गया है। मंगलवार को एक पेट्रोल पंप में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को बुलाना पड़ गया। आखिरकार पुलिस जवानों ने मौके पर पहुंच व्यवस्था को सुचारू करवाया। चंबा जिले के अधिकांश पेट्रोल पंपों में पेट्रोल और डीजल नहीं मिल रहा है। मेहता पेट्रोल पंप में तेल की कमी के कारण उसे बंद कर दिया गया है। भद्रम स्थित पेट्रोल पंप र सिर्फ डीजल ही वाहन चालकों को मिल रहा है और पेट्रोल की कमी बताई जा रही है। नैयर पेट्रोल पंप में डीजल बहुत कम मात्रा में मिल रहा है। लेकिन, पेट्रोल वाहन चालकों के लिए दो पहिया वाहन चालकों के लिए मिल रहा है। लेकिन दो पहिया वाहन चालक सिर्फ 100 रुपये का तेल भरवा पा रहे हैं। क्योंकि पेट्रोल पंप कर्मचारियों और मालिक का कहना है कि ज्यादा तेल उपलब्ध नहीं है।