स्वतंत्रता दिवस समारोह के आयोजन की तैयारियों को लेकर उपायुक्त चंबा मुकेश रेपसवाल की अध्यक्षता में डीसी कार्यालय सभागार में एक बैठक का आयोजन किया गया। मुकेश रेपसवाल ने आयोजन से जुड़े सभी जिला अधिकारियों को समारोह की गरिमा के अनुरूप प्रबंध-व्यवस्था सुनिश्चित बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर जिला स्तरीय समारोह के मुख्य अतिथि होंगे। चंबा के ऐतिहासिक चौगान में स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन किया जाएगा। उपायुक्त ने समारोह के सफल आयोजन को लेकर विभिन्न विषयों पर चर्चा के दौरान कार्यकारी अधिकारी नगर परिषद को चौगान की साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही उन्होंने यह निर्देश भी दिए कि बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित बनाई जाए। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि समारोह में पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी और एनएसएस तथा वन विभाग की टुकड़ियां मार्च पास्ट करेंगी।