रावी नदी में बही युवती का शव बरामद हो गया है। शनिवार को चकलू के पास चमेरा जलाश्य में पुलिस को शव मिला। शव की शिनाख्त करने के लिए परिजनों को बुलाया गया। परिजनों ने शव की शिनाख्त की। मृतक युवती की पहचान काजल(22) पुत्री देवराज निवासी गांव कीड़ी के रूप में हुई। मृतक युवती ने 30 दिन पहले जवाहर नवोदय विद्यालय सरोल के पास रावी नदी में छलांग लगा दी थी। युवती ने किन कारणों से उसने यह कदम उठाया, इसको लेकर पुलिस गंभीरता से जांच कर रही है। वहीं शनिवार को जैसे ही पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए चंबा मेडिकल कॉलेज में पहुंचाया तो परिजनों ने मामले में एफआईआर दर्ज करने की मांग उठाई। इस पर परिजनों ने मेडिकल कॉलेज में हंगामा भी कर दिया। परिजनों का कहना है कि 30 दिन पहले अचानक उनकी बेटी ने क्यों रावी नदी में जाकर छलांग लगा ली। इसको लेकर पूरी जांच होनी चाहिए। पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने बताया कि पुलिस मामले में निष्पक्ष जांच कर रही है।