राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुम्हारका में तैनात अध्यापकों को विद्यार्थियो को हाथ से पकड़कर रास्ता पारकर स्कूल पहुंचाना पड़ रहा है। बीते रोज हुई मूसलाधार बारिश से विद्यालय परिसर के बाहर सीढ़ियों के साथ का रास्ता बह जाना इसकी मुख्य वजह है। हैरत की बात है कि स्कूल प्रबंधन समिति, ग्रामसभा, विकास खंड अधिकारी और जिला प्रशासन को भी इस बाबत स्कूल प्रबंधन की ओर से अवगत करवाया गया है। बावजूद इसके अभी तक रास्ते को ठीक नहीं किया गया। ऐसे में विद्यार्थियों को जोखिम उठाकर स्कूल पहुंचना पड़ रहा है। सुबह और विद्यालय में छुटटी के बाद अध्यापकों को बच्चों को रास्ता पार करवाने के लिए डटना पड़ता है। विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेश कश्यप ने बताया कि बीते रोज हुई मूसलाधार बारिश की वजह से विद्यालय का रास्ता बह गया है। इससे यहां से विद्यार्थियों को हाथ से पकड़ कर ही रास्ता पार करवाना पड़ता है।